दुर्गापुर में नकली पुलिस भर्ती रैकेट का पर्दाफाश, प्रश्नपत्र बांटने के दौरान छापेमारी में 7 गिरफ्तार

दुर्गापुर में नकली पुलिस भर्ती रैकेट का पर्दाफाश, प्रश्नपत्र बांटने के दौरान छापेमारी में 7 गिरफ्तार

दुर्गापुर :- राज्य पुलिस में नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपये ठगने वाले एक फर्जी भर्ती रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। यह पूरा फर्जी ऑपरेशन दुर्गापुर के बुदबुद थाना क्षेत्र अंतर्गत देवशाला ग्राम पंचायत के कलमडांगा गांव में चल रहा था। गोपनीय सूचना के आधार पर शनिवार देर शाम बर्धमान से पहुंची पुलिस टीम ने जाल बिछाकर छापेमारी की और 7 लोगों को गिरफ्तार किया। मौके से दो छोटी गाड़ियां और पंचायत की एक पानी की टंकी भी जब्त की गई।

सूत्रों के अनुसार, आरोपियों ने राज्य पुलिस भर्ती का लालच देकर सैकड़ों बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपये वसूले थे। शनिवार को कलमडांगा के जंगल में भर्ती परीक्षा के नाम पर फर्जी प्रश्नपत्र बांटे जा रहे थे। पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद अभ्यर्थी फरार हो गए, जबकि प्रश्नपत्र बांट रहे सात लोगों को पुलिस ने धर दबोचा।घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। भाजपा नेता कृष्ण दयाल कर्मकार ने इस मामले में सत्ताधारी दल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पूरे राज्य में भर्ती भ्रष्टाचार चरम पर है। देवशाला की घटना इसका ताज़ा उदाहरण है। तुरंत इस भर्ती परीक्षा को रद्द किया जाए।वहीं, आरोपों पर सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। हालांकि पंचायत की पानी की टंकी जब्त किए जाने पर देवशाला ग्राम पंचायत के उपप्रधान सोमनाथ चौधरी ने सफाई देते हुए कहा कि यह टंकी गांव में हुई एक आत्महत्या वाली घटना के दौरान वहां ले जाई गई थी और छुट्टियों के कारण वापस नहीं लाई जा सकी। बाकी मामले पर कहना उचित नहीं होगा।पुलिस यह जांच कर रही है कि बरामद फर्जी प्रश्नपत्रों का रविवार को होने वाली वास्तविक परीक्षा से कोई संबंध है या नहीं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि प्रश्नपत्र कहां से लाए गए और इस रैकेट में और कौन-कौन शामिल हैं। जांच जारी है और जल्द और गिरफ्तारियां संभावित मानी जा रही हैं।


Click Here to Visit

What's Your Reaction?

like
0
dislike
0
love
0
funny
0
angry
0
sad
0
wow
0